Chhattisgarh Media
छत्तीसगढ़ मीडिया
अंबिकापुर 3 मिनट का पाठ

धनतेरस पर अंबिकापुर में बरसा धन, बाजारों में उमड़ी भीड़; कारोबारियों को करोड़ों के व्यापार की आस

वाहन खरीदने को लेकर दिखा सबसे ज्यादा उत्साह, ज्वेलरी और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में भी रही जबरदस्त ग्राहकी

Admin Chhattisgarh Media
07 Nov 2026 · 1 views
धनतेरस पर अंबिकापुर में बरसा धन, बाजारों में उमड़ी भीड़; कारोबारियों को करोड़ों के व्यापार की आस

अंबिकापुर, 6 नवंबर। धनतेरस के पावन अवसर पर अंबिकापुर का बाजार पूरी तरह गुलजार नजर आया। शुभ मुहूर्त में खरीदारी और नया सामान घर लाने की परंपरा के चलते सुबह से ही बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी। इस बार खरीदारी का सबसे ज्यादा उत्साह ऑटोमोबाइल सेक्टर में देखने को मिला, जहां दोपहिया वाहन खरीदने के लिए बड़ी संख्या में लोग शोरूम पहुंचे। इसके साथ ही सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, बर्तन और फर्नीचर की दुकानों पर भी जमकर खरीदारी हुई। सुबह से देर रात तक बाजारों में रौनक बनी रही और व्यापारियों ने एक ही दिन में करोड़ों रुपये के कारोबार की उम्मीद जताई।

दोपहिया वाहनों की खरीदारी में दिखा सबसे ज्यादा उत्साह

धनतेरस पर नया वाहन खरीदना शुभ माना जाता है। इसी परंपरा के चलते शहर के दोपहिया वाहन शोरूम में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई थी। लोग अपने परिवार के साथ पसंदीदा मॉडल और रंग के वाहन खरीदने पहुंचे। शुभ मुहूर्त में वाहन की डिलीवरी लेने को लेकर भी लोगों में खास उत्साह देखने को मिला।

सरगुजा हीरो, आनंद ऑटोमोबाइल्स, महामाया होंडा सहित अन्य वाहन शोरूम में अच्छी ग्राहकी देखने को मिली। ऑटोमोबाइल कारोबारियों के अनुसार, धनतेरस के अवसर पर वाहन खरीदने को लेकर लोगों में खास उत्साह रहा।

ज्वेलरी से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक जमकर खरीदारी

ऑटोमोबाइल के अलावा सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों में भी ग्राहकों की भीड़ रही। महिलाओं ने अपनी पसंद के आभूषण खरीदे तो कई परिवारों ने धनतेरस की परंपरा के अनुसार सोने-चांदी के सिक्कों और अन्य वस्तुओं की खरीदारी की।

इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में मोबाइल, लैपटॉप, टीवी और घरेलू उपकरणों की मांग देखने को मिली। वहीं बर्तन दुकानों में पूजा सामग्री और रसोई में उपयोग होने वाले नए बर्तनों की खरीदारी के लिए लोग पहुंचे। फर्नीचर दुकानों में भी सोफा, बेड और अन्य घरेलू सामान के नए डिजाइनों को लेकर ग्राहकों ने रुचि दिखाई।

देर रात तक बाजारों में बनी रही रौनक

धनतेरस के अवसर पर शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में देर रात तक चहल-पहल बनी रही। सदर रोड, देवीगंज रोड, खरसिया रोड और मनेंद्रगढ़ रोड पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। दुकानदारों ने भी ग्राहकों की पसंद और जरूरत के अनुसार सामान की आकर्षक रेंज उपलब्ध कराई थी।

महंगाई के बावजूद लोगों के खरीदारी के उत्साह में कमी नहीं दिखी। त्योहार की खुशियों और शुभ मुहूर्त में खरीदारी की परंपरा ने बाजार की रौनक बढ़ा दी। व्यापारियों को उम्मीद है कि धनतेरस के कारोबार से इस बार त्योहारी सीजन में व्यापार को अच्छी गति मिलेगी।

यातायात व्यवस्था संभालने पुलिस ने किए विशेष इंतजाम

बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए थे। शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखा गया, जबकि दोपहिया वाहनों को आवाजाही की अनुमति दी गई। शाम के बाद बाजार में भीड़ और बढ़ने लगी, जिसके चलते प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे।

पुलिसकर्मी लगातार यातायात व्यवस्था संभालते और वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करते नजर आए, ताकि खरीदारी करने पहुंचे लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

सूरजपुर और एमसीबी में भी बाजारों में रही रौनक

अंबिकापुर के साथ सूरजपुर और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में भी धनतेरस पर बाजार गुलजार रहे। विभिन्न बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। कुल मिलाकर धनतेरस ने सरगुजा संभाग के व्यापारिक क्षेत्रों में उत्साह का माहौल बनाया और कारोबारियों को त्योहारी सीजन में बेहतर व्यापार की उम्मीद दी।

इस खबर को अपने दोस्तों के साथ साझा करें:
Admin Chhattisgarh Media
लेखक / संवाददाता

Admin Chhattisgarh Media

छत्तीसगढ़ मीडिया की आधिकारिक संपादकीय टीम। राज्य, देश एवं दुनिया की निष्पक्ष, सटीक और त्वरित ख़बरें जन-जन तक पहुँचाना हमारा ध्येय है।