एक यूनिट रक्त से बच सकती हैं तीन जिंदगियां, अंबिकापुर में 117 लोगों ने किया रक्तदान
चर्च ऑफ गॉड के वैश्विक अभियान में स्थानीय नागरिकों की भी रही सहभागिता
अंबिकापुर- रक्तदान को महादान कहा जाता है, क्योंकि किसी व्यक्ति का स्वैच्छिक रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है। इसी भावना के साथ चर्च ऑफ गॉड वर्ल्ड मिशन सोसाइटी ने अंबिकापुर के आर.एस.डी.के.एस. शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में रक्तदान अभियान आयोजित किया। अभियान में 117 लोगों ने रक्तदान कर कुल 27,200 मिलीलीटर रक्त संग्रहित कराने में योगदान दिया।
'फसह के प्रेम के द्वारा जीवन देने के लिए 2015वीं विश्व रक्तदान ड्राइव' के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 240 लोगों ने सहभागिता की। रक्तदान के लिए पहुंचे लोगों की पहले स्वास्थ्य जांच की गई। इसके बाद चिकित्सा टीम की देखरेख में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई।
महापौर मंजूषा भगत ने संस्था की पहल को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन जरूरतमंदों के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकते हैं। नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह ने भी आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. राकेश निगम सहित चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। रक्तदाताओं सत्यदीप टोप्पो, रेशमा खेस, प्रबोध कुजुर और पवन तिग्गा ने भी रक्तदान से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
संस्था के अधिकारी किरण चौहान (केविन) ने बताया कि वर्ष 2005 में दक्षिण कोरिया से शुरू हुआ रक्तदान अभियान आज 68 देशों में संचालित हो रहा है। संस्था का कहना है कि मानव सेवा और पड़ोसियों के प्रति प्रेम की भावना को व्यवहार में लाने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन किए जाते हैं।



