Chhattisgarh Media
छत्तीसगढ़ मीडिया
छत्तीसगढ़ 2 मिनट का पाठ

सीएम साय का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- कांग्रेसी फ्यूज बल्ब हैं

नक्सलवाद के खात्मे पर कांग्रेस की टिप्पणी का दिया जवाब, कहा- जवानों के साहस से नक्सलमुक्त हुआ छत्तीसगढ़

Admin Chhattisgarh Media
17 Nov 2026 · 2 views
सीएम साय का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- कांग्रेसी फ्यूज बल्ब हैं

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर से सुरक्षा बलों की बटालियन की वापसी को लेकर कांग्रेस की टिप्पणी पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की बातों में कोई वजन नहीं है। कांग्रेसी फ्यूज बल्ब हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार चुनाव में हार के कारण कांग्रेस बौखलाहट में है और प्रदेश से नक्सलवाद खत्म करने के लिए कांग्रेस ने कभी कोई ठोस काम नहीं किया।

नक्सलवाद खत्म करने कांग्रेस ने नहीं किया कोई काम

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस को इस समय का स्वागत करना चाहिए, क्योंकि प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त कराने में सुरक्षा बलों के जवानों ने अदम्य साहस और बहादुरी का परिचय दिया है। जवानों के अथक प्रयासों और उनके साहस का ही परिणाम है कि छत्तीसगढ़ अब नक्सलवाद से मुक्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य और गर्व का विषय है। कांग्रेस को जवानों की उपलब्धियों पर सवाल उठाने के बजाय उनका सम्मान करना चाहिए।

धान खरीदी को लेकर बोले- किसानों को नहीं होगी परेशानी

नक्सलवाद के मुद्दे के साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चल रही धान खरीदी व्यवस्था को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं। अब प्रदेशभर में कुल 3100 धान खरीदी केंद्र संचालित हो रहे हैं, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में आसानी होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत किसानों से किए गए वादों को पूरा किया है। सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन किसानों के खेतों में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान का उत्पादन नहीं होता, उन्हें भी उनकी पात्रता के अनुसार पूरा आर्थिक लाभ दिया जाएगा। ऐसे किसानों को कम धान बेचने की स्थिति में भी शेष अंतर की राशि आदान सहायता के रूप में प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में धान खरीदी की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है और किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

इस खबर को अपने दोस्तों के साथ साझा करें:
Admin Chhattisgarh Media
लेखक / संवाददाता

Admin Chhattisgarh Media

छत्तीसगढ़ मीडिया की आधिकारिक संपादकीय टीम। राज्य, देश एवं दुनिया की निष्पक्ष, सटीक और त्वरित ख़बरें जन-जन तक पहुँचाना हमारा ध्येय है।