Chhattisgarh Media
छत्तीसगढ़ मीडिया
रायपुर बिलासपुर 3 मिनट का पाठ

मुख्यमंत्री साय ने सेंदरी से किया धान खरीदी का आगाज, किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा दाम

360 नए उपार्जन केंद्रों के साथ प्रदेश में केंद्रों की संख्या करीब 3100 हुई, पात्र किसानों को कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि

Admin Chhattisgarh Media
17 Nov 2026 · 2 views
मुख्यमंत्री साय ने सेंदरी से किया धान खरीदी का आगाज, किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा दाम

रायपुर/बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान ग्राम सेंदरी स्थित धान उपार्जन केंद्र में विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की पूजा की और स्वयं धान तौलकर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की। किसानों ने धान से तुलादान कर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से खरीदी प्रक्रिया, तौल व्यवस्था और किसानों की सुविधाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही परिसर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सेंदरी की पावन भूमि से धान खरीदी का शुभारंभ करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आर्थिक समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप प्रदेश में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है। इसके तहत प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है।

किसानों को धान बेचने में सुविधा देने के लिए प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में धान खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर लगभग 3100 हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर न जाना पड़े और खरीदी प्रक्रिया सुगम तरीके से पूरी हो।

कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि

मुख्यमंत्री साय ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अधिकतम सीमा से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी उनके सत्यापित रकबे के आधार पर पूरी निर्धारित आदान सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से हैं और खेती-किसानी की परिस्थितियों एवं किसानों की चुनौतियों को अच्छी तरह समझते हैं।

उन्होंने बताया कि कई बार मौसम, कम उत्पादन या अन्य परिस्थितियों के कारण किसान प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाते। ऐसे में उन्हें आर्थिक नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई पात्र किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल के समतुल्य आदान सहायता का लाभ भी उसे मिलेगा।

इस तरह पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये की पूरी निर्धारित आदान सहायता राशि प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना, उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना और खेती को लाभकारी बनाना राज्य सरकार का संकल्प है।

पहले दिन तीन किसानों से खरीदा गया 52 क्विंटल धान

सेंदरी सेवा सहकारी समिति में खरीदी के पहले दिन तीन किसानों से कुल 52 क्विंटल धान की खरीदी की गई। इसमें खेमचरण पटेल से 24.80 क्विंटल, संदीप ध्रुव से 20.80 क्विंटल और संजय यादव से 6.40 क्विंटल धान खरीदा गया। तीनों किसान मोटा सरना किस्म का धान लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचे थे।

सेंदरी सेवा सहकारी समिति से छह गांवों के कुल 1,149 किसान सदस्य जुड़े हुए हैं। इनमें सेंदरी, रमतला, कछार, गतौरी, अमतरा और नवगंवा के किसान शामिल हैं।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल एवं सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पूर्व सांसद लखन लाल साहू, सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, संभागायुक्त सुनील जैन, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

इस खबर को अपने दोस्तों के साथ साझा करें:
Admin Chhattisgarh Media
लेखक / संवाददाता

Admin Chhattisgarh Media

छत्तीसगढ़ मीडिया की आधिकारिक संपादकीय टीम। राज्य, देश एवं दुनिया की निष्पक्ष, सटीक और त्वरित ख़बरें जन-जन तक पहुँचाना हमारा ध्येय है।