सूरजपुर। छत्तीसगढ़ की कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नाम से जुड़े WhatsApp अकाउंट से लोगों को मैसेज भेजकर 32 हजार रुपये की मांग किए जाने का मामला सामने आया है। मैसेज में UPI ब्लॉक होने का हवाला देते हुए तत्काल पैसों की जरूरत बताई जा रही है। मामले को लेकर मंत्री की ओर से सोशल मीडिया के माध्यम से स्पष्टीकरण जारी किया गया है कि उनका WhatsApp अकाउंट हैक हो गया है।
जारी सूचना के मुताबिक, WhatsApp अकाउंट से लोगों को संदेश भेजकर कहा जा रहा है कि UPI ब्लॉक हो गया है और तत्काल 32 हजार रुपये की आवश्यकता है। इस तरह के संदेश मिलने के बाद मंत्री की ओर से लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि उनके WhatsApp अकाउंट से यदि किसी भी व्यक्ति को पैसे मांगने का संदेश या कोई संदिग्ध लिंक प्राप्त होता है, तो वह न तो पैसे भेजें और न ही उस लिंक पर क्लिक करें। सूचना में यह भी बताया गया है कि इस संबंध में साइबर थाने में शिकायत दर्ज करा दी गई है।
मंत्री की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे इस सूचना को गंभीरता से लें और किसी भी तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहें। फिलहाल, लोगों को ऐसे संदेशों की पुष्टि किए बिना कोई भी आर्थिक लेन-देन नहीं करने की सलाह दी गई है।


