अंबिकापुर। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में एक राजमिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्राम रजपुरी कला टिकरापारा में 40 वर्षीय राजमिस्त्री अंगद चौधरी का शव उनके ही घर के आंगन में खून से लथपथ हालत में मिला। घटना की जानकारी सामने आते ही गांव में हड़कंप मच गया। वहीं, परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, घटना आज सुबह करीब 8 बजे की है। मृतक अंगद चौधरी अपने घर में अकेले रहते थे। सुबह जब उनका शव घर के आंगन में पड़ा मिला, तो आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल की स्थिति ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि घर के कमरे के अंदर भी खून के छींटे मिले हैं, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। दोनों टीमें घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने और घटना से जुड़े सुराग तलाशने में लगी हुई हैं।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। राजमिस्त्री की मौत किन परिस्थितियों में हुई, घटना के पीछे किसी का हाथ है या मामला कुछ और है, इन तमाम सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे। अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।



