Chhattisgarh Media
छत्तीसगढ़ मीडिया
जशपुर 3 मिनट का पाठ

छठी मैया की भक्ति में लीन दिखे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कुनकुरी घाट पर पत्नी के साथ की सूर्य उपासना

उषा अर्घ्य अर्पित कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की मांगी दुआ, बड़ी संख्या में व्रतियों और श्रद्धालुओं की रही मौजूदगी

Admin Chhattisgarh Media
16 Nov 2026 · 2 views
छठी मैया की भक्ति में लीन दिखे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कुनकुरी घाट पर पत्नी के साथ की सूर्य उपासना

जशपुर/कुनकुरी। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर सोमवार सुबह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान सूर्यदेव की पूजा-अर्चना की और उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

छठ घाट पर मुख्यमंत्री की मौजूदगी के बीच श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री साय ने घाट पर उपस्थित व्रतियों और श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत सौभाग्य का विषय है कि उन्हें अपने कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के परिवारजनों के बीच इस पावन पर्व में शामिल होने का अवसर मिला है। यहां के लोगों में छठ पर्व के प्रति गहरी आस्था और अटूट श्रद्धा है।

मुख्यमंत्री ने छठ पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छठ पूजा लोक आस्था, पवित्रता और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। यह महापर्व हमें प्रकृति, जल और जीवन के आधार भगवान सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि इस पर्व की परंपराएं भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत और सामाजिक एकजुटता को भी दर्शाती हैं।

छठ महापर्व के अंतिम दिन कुनकुरी छठ घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं और व्रतियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी आयु की कामना की। घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाएं एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि छठ महापर्व चार दिनों तक चलने वाला कठिन और पवित्र सूर्योपासना का पर्व है। यह भगवान सूर्यदेव और छठी मैया को समर्पित है। पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है, जिसके बाद दूसरे दिन खरना का विधान होता है। तीसरे दिन व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करते हैं, जबकि चौथे और अंतिम दिन उगते सूर्य को उषा अर्घ्य देने के साथ व्रत का पारण किया जाता है।

मान्यता है कि छठ व्रत करने से परिवार में सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद प्राप्त होता है। यही वजह है कि यह महापर्व देशभर में विशेष श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जाता है।

इस खबर को अपने दोस्तों के साथ साझा करें:
Admin Chhattisgarh Media
लेखक / संवाददाता

Admin Chhattisgarh Media

छत्तीसगढ़ मीडिया की आधिकारिक संपादकीय टीम। राज्य, देश एवं दुनिया की निष्पक्ष, सटीक और त्वरित ख़बरें जन-जन तक पहुँचाना हमारा ध्येय है।