Chhattisgarh Media
छत्तीसगढ़ मीडिया
अंबिकापुर 2 मिनट का पाठ

छठ पूजा में घाट गए दो परिवार, पीछे से चोरों ने खाली कर दिए घर; अंबिकापुर में 20 लाख की बड़ी चोरी

गोधनपुर में शिक्षक और व्यापारी के सूने मकानों को बनाया निशाना, ताले और अलमारियां तोड़कर जेवरात-नकदी लेकर फरार हुए चोर

Admin Chhattisgarh Media
16 Nov 2026 · 73 views
छठ पूजा में घाट गए दो परिवार, पीछे से चोरों ने खाली कर दिए घर; अंबिकापुर में 20 लाख की बड़ी चोरी

अंबिकापुर। शहर में चोरों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। छठ पूजा के दौरान परिवारों की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर चोरों ने गोधनपुर इलाके में दो सूने मकानों को निशाना बनाया। यहां एक शिक्षक और एक व्यापारी के घर से करीब 18 से 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली गई। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने शाम करीब 5 बजे उस वक्त वारदात को अंजाम दिया, जब दोनों परिवार छठ पूजा के लिए घाट गए हुए थे। एक ही इलाके में दो मकानों में हुई इस बड़ी चोरी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, गोधनपुर निवासी शिक्षक और व्यापारी के परिवार छठ पूजा में शामिल होने के लिए अपने-अपने घरों में ताला लगाकर घाट गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकानों को निशाना बनाया। आरोपियों ने घरों के मुख्य दरवाजों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और तीन अलमारियों के ताले तोड़कर उनमें रखे कीमती जेवरात और नकदी समेट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से फरार हो गए।

रात में जब दोनों परिवार छठ पूजा से वापस लौटे तो घरों का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। मुख्य दरवाजों के ताले टूटे हुए थे और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जब परिजनों ने कमरों और अलमारियों की जांच की तो लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। आरोपियों तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। हालांकि, फिलहाल पुलिस को चोरों के संबंध में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस आसपास के संभावित साक्ष्यों और अन्य पहलुओं के आधार पर जांच में जुटी हुई है।

शहर के रिहायशी इलाके में शाम के समय दो सूने मकानों में एक साथ हुई लाखों की चोरी ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। त्योहार के दौरान जब लोग पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए घरों से बाहर निकले थे, तब चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाया। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर चोरी गए सामान की बरामदगी और उन्हें गिरफ्तार करने की चुनौती है।

इस खबर को अपने दोस्तों के साथ साझा करें:
Admin Chhattisgarh Media
लेखक / संवाददाता

Admin Chhattisgarh Media

छत्तीसगढ़ मीडिया की आधिकारिक संपादकीय टीम। राज्य, देश एवं दुनिया की निष्पक्ष, सटीक और त्वरित ख़बरें जन-जन तक पहुँचाना हमारा ध्येय है।