अंबिकापुर/उदयपुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डांडगांव में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रायपुर से अंबिकापुर जा रहा तेल टैंकर चालक के नाश्ते के लिए रुकने के दौरान अचानक पीछे की ओर लुढ़कने लगा। देखते ही देखते टैंकर करीब 200 मीटर दूर स्थित दूसरे होटल में जा घुसा और वहां जल रहे भट्ठे तक पहुंच गया। टैंकर में तेल होने और सामने जलते भट्ठे के कारण आग लगने का खतरा पैदा हो गया था। हालांकि, समय रहते उठाए गए एहतियाती कदमों से बड़ी दुर्घटना टल गई।
नाश्ता कर रहे ग्राहक की बुलेट टैंकर के नीचे दबी
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब 11:30 बजे की है। टैंकर चालक सड़क किनारे स्थित एक होटल में नाश्ता करने के लिए रुका था। इसी दौरान टैंकर अचानक पीछे की ओर लुढ़कने लगा। अनियंत्रित टैंकर करीब 200 मीटर तक पीछे चला गया और दूसरे होटल में जा घुसा। इस दौरान होटल में नाश्ता कर रहे एक ग्राहक की बुलेट मोटरसाइकिल टैंकर के नीचे दब गई। अचानक हुए घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जलते भट्ठे तक पहुंचा टैंकर, मिस्त्री ने दिखाई सूझबूझ
टैंकर सीधे होटल के जलते भट्ठे तक पहुंच गया था। ऐसे में आग लगने की आशंका ने खतरे को और गंभीर बना दिया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए होटल के मिस्त्री ने तत्काल दोनों भट्ठों की आग बुझा दी। इससे संभावित आगजनी के खतरे को टालने में मदद मिली। गनीमत रही कि टैंकर के जलते भट्ठे तक पहुंचने के बावजूद आग नहीं लगी।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर अदाणी कोल माइंस की फायर ब्रिगेड टीम को भी तैनात किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर टैंकर के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।
कोई जनहानि नहीं, लेकिन उठे सुरक्षा पर सवाल
इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, तेल टैंकर का अचानक पीछे लुढ़कना और करीब 200 मीटर दूर दूसरे होटल में जलते भट्ठे तक पहुंच जाना गंभीर दुर्घटना की आशंका को दर्शाता है। समय रहते भट्ठों की आग बुझाने और पुलिस व फायर ब्रिगेड की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।



