रायगढ़। रायगढ़ शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और बेहतर नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए चल रहे विकास कार्यों में अब देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं और परियोजनाओं में नागरिकों की सुविधाओं तथा भविष्य की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए। यह निर्देश वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने सोमवार को शहर में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को दिए।
वित्त मंत्री ने जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड, बोइरदादर स्टेडियम में स्विमिंग पूल एवं एथलेटिक ट्रैक, प्रगतिनगर मरीन ड्राइव, फटहामुड़ा और मिट्ठूमुड़ा तालाबों के सौंदर्यीकरण तथा किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं का नियमित स्थल निरीक्षण जरूरी है, ताकि निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके और जरूरत के अनुसार सुधार किए जा सकें। शहर के विकास में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
कैनाल लिंक रोड से शहर की यातायात व्यवस्था को मिलेगी राहत
जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड का निरीक्षण करते हुए वित्त मंत्री ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। यह सड़क केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड को न्यू एवं ओल्ड मरीन ड्राइव रोड से जोड़ेगी। इसके निर्माण से शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने सड़क निर्माण से संबंधित सीमांकन सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने तथा सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्यों में बेहतर समन्वय बनाने पर जोर दिया। कैनाल लिंक रोड को शहर की यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए उन्होंने समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए।
बोइरदादर स्टेडियम में मिलेंगी आधुनिक खेल सुविधाएं
बोइरदादर स्टेडियम में निर्माणाधीन ओलंपिक मानक के स्विमिंग पूल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और स्केटिंग रिंग का निरीक्षण करते हुए वित्त मंत्री ने निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। उन्होंने एथलेटिक ट्रैक पर जमा मलबे को तत्काल हटाने और स्टेडियम परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए।
श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। खेल अधोसंरचना का विकास खिलाड़ियों की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों की समस्याओं और सुझावों पर ध्यान देने के साथ स्टेडियम परिसर में ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया।
फटहामुड़ा और मिट्ठूमुड़ा तालाब बनेंगे आकर्षक सार्वजनिक स्थल
शहर के तालाबों को स्वच्छ, सुंदर और नागरिकों के लिए उपयोगी बनाने के उद्देश्य से चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। फटहामुड़ा तालाब परिसर में पाथवे, गार्डन, ओपन जिम, पचरी, फाउंटेन और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। इन सुविधाओं के तैयार होने से लोगों को सुबह-शाम टहलने, व्यायाम करने और मनोरंजन के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल मिल सकेगा।
इसी तरह मिट्ठूमुड़ा तालाब परिसर में प्रवेश मार्ग, पार्किंग, पार्क, पाथवे, ओपन जिम सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। वित्त मंत्री ने इन कार्यों को समग्र योजना के तहत पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से सीपेज जैसी समस्याओं से बचाव के लिए निर्माण के दौरान तकनीकी सावधानी बरतने को कहा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। मिट्ठूमुड़ा में नागरिकों की मांग पर मंदिर निर्माण के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये की सहायता देने की बात कही।
मरीन ड्राइव और ऑक्सीजोन से बढ़ेगी शहर की सुंदरता
वित्त मंत्री ने प्रगतिनगर मरीन ड्राइव में संचालित विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के बाद किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का निरीक्षण किया। यहां नागरिकों के लिए ओपन जिम, पाथवे, योग केंद्र सहित विभिन्न सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि शहर में हरित क्षेत्रों का विस्तार और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने वाली सुविधाओं का विकास आवश्यक है। ऑक्सीजोन जैसे स्थल नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य, योग, व्यायाम और मनोरंजन के लिए उपयोगी साबित होंगे।
शिक्षा, खेल, पर्यावरण और अधोसंरचना में नई पहचान बनाएगा रायगढ़
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और स्थल निरीक्षण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। रायगढ़ प्रवास के दौरान वे जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी वास्तविक स्थिति की जानकारी लेते हैं। इससे निर्माण कार्यों की प्रगति का आकलन करने और नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप जरूरी सुधार करने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि रायगढ़ लंबे समय से राजस्व के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। अब प्रयास है कि शहर शिक्षा, खेल, अधोसंरचना, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाए। जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से रायगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का लक्ष्य है, ताकि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में शहर महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।
निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक तथा नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



