सोशल मीडिया। सोशल मीडिया की दुनिया में अपनी अलग पहचान रखने वाली फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप की पैरेंट कंपनी मेटा अब फैशन की दुनिया में भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए नई शुरुआत कर रही है। कंपनी ने चुपचाप अपना नया ऐप 'Style Sketch' लॉन्च किया है। यह ऐप यूजर्स को उनकी अलमारी में पहले से मौजूद कपड़ों से नए-नए आउटफिट कॉम्बिनेशन तैयार करने और अपने स्टाइल को बेहतर बनाने में मदद करेगा।
इस ऐप की खासियत यह है कि अब किसी खास मौके पर क्या पहनना है, इसके लिए घंटों अलमारी में कपड़े तलाशने की जरूरत नहीं होगी। AI तकनीक की मदद से ऐप आपके पास मौजूद कपड़ों को समझकर अलग-अलग ड्रेस कॉम्बिनेशन सुझाएगा। इतना ही नहीं, यूजर्स वर्चुअल मॉडल पर अपने पसंदीदा आउटफिट का लुक भी देख सकेंगे।
क्या है Meta का Style Sketch ऐप?
Style Sketch एक AI आधारित फैशन ऐप है, जो यूजर्स के कपड़ों का डिजिटल वार्डरोब तैयार करता है। इसके लिए ऐप इंस्टाग्राम पर उपलब्ध तस्वीरों और फोन की फोटो गैलरी से कपड़ों की जानकारी लेकर उन्हें व्यवस्थित कर सकता है। यूजर्स चाहें तो खुद भी अपने कपड़ों की फोटो, वीडियो या कैमरे से ली गई तस्वीरें अपलोड कर सकते हैं।
इसके बाद AI यूजर के व्यक्तिगत फैशन स्टाइल को समझकर उपलब्ध कपड़ों के आधार पर नए-नए आउटफिट कॉम्बिनेशन सुझाता है। यानी पुराने कपड़ों को नए अंदाज में पहनने के विकल्प आसानी से मिल सकते हैं।
वर्चुअल मॉडल पर देख सकेंगे अपना लुक
इस ऐप का सबसे आकर्षक फीचर इसका वर्चुअल मॉडल है। ऐप यूजर के शरीर के आकार और स्किन टोन के अनुरूप एक डिजिटल मॉडल तैयार करता है, जिस पर अलग-अलग कपड़ों और आउटफिट को वर्चुअली देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि कोई ड्रेस कैसी दिखाई देगी।
यह फीचर उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है, जिन्हें किसी पार्टी, कार्यक्रम या खास अवसर के लिए कपड़ों का चुनाव करने में परेशानी होती है। ऐप कम इस्तेमाल होने वाले कपड़ों, जैसे जैकेट और जूतों को भी नए कॉम्बिनेशन में शामिल करने के सुझाव दे सकता है।
मौसम और ट्रैवल के हिसाब से मिलेंगे आउटफिट सुझाव
Style Sketch केवल कपड़ों के कॉम्बिनेशन तक सीमित नहीं है। यात्रा की योजना बनाते समय यह मौसम, यात्रा की जगह और कितने दिनों तक बाहर रहना है, जैसी जानकारियों के आधार पर आउटफिट के सुझाव दे सकता है। इससे यूजर्स को यह तय करने में मदद मिलेगी कि यात्रा के दौरान कौन-कौन से कपड़े साथ रखने चाहिए।
ट्रेंडिंग फैशन और दोस्तों से ले सकेंगे राय
ऐप में मौजूदा फैशन ट्रेंड और नए लुक देखने की सुविधा भी दी गई है। यूजर्स ट्रेंडिंग स्टाइल से प्रेरणा लेकर अपनी अलमारी में मौजूद कपड़ों से वैसा ही लुक तैयार कर सकते हैं। इसके अलावा दो अलग-अलग आउटफिट विकल्प बनाकर दोस्तों के साथ साझा किए जा सकते हैं, ताकि वे अपनी पसंद के अनुसार राय दे सकें।
फिलहाल तीन देशों में उपलब्ध, भारत को करना होगा इंतजार
मेटा ने फिलहाल Style Sketch ऐप को इंडोनेशिया, सिंगापुर और थाईलैंड में एंड्रॉयड और iOS यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया है। भारत समेत अन्य देशों में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कंपनी ने अभी कोई आधिकारिक समयसीमा घोषित नहीं की है।
AI आधारित फैशन टूल्स के बढ़ते चलन के बीच मेटा का यह कदम फैशन और तकनीक के मेल को एक नया रूप दे सकता है। यदि यह ऐप भविष्य में दूसरे देशों में भी उपलब्ध होता है, तो यूजर्स बिना नए कपड़े खरीदे अपनी मौजूदा अलमारी से ही नए-नए फैशन लुक तैयार कर सकेंगे।



