by NEWS EDITOR on | Jun 21, 2024 08:31 AM
भटगांव : थाना इलाके के डुमरिया गांव में पुरानी रंजिश को लेकर भाजपा कार्यकर्ता संजय यादव पर चाकू से प्राणघातक हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपित राम खेलावन यादव को धारा 307 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उक्ताशय की रिपोर्ट ग्राम डुमरिया निवासी घायल की मां रनिया बाई ने बुधवार को भटगांव में दर्ज कराई थी। उसमें बताया था कि उसका पुत्र संजय यादव दो तीन सप्ताह से घर बनाने के लिए मिट्टी की दीवार उठा रहा था। बुधवार शाम को वह दोनों नातियों को साथ लेकर दुकान में सामान लेने गई थी। उसी समय गांव का रामखेलावन यादव वहां पर आया और पुरानी रंजिश पर गाली-गलौज कर चाकू मार देने की धमकी देने लगा। हल्ला सुनकर उसका पुत्र संजय यादव दुकान के पास आया और गाली-गलौज करने से मना करने लगा। तब रामखेलावन यादव गाली गलौज कर चाकू से मारने की धमकी देते हुए अपने पाकेट से चाकू निकालकर संजय यादव के पेट में चाकू घुसा दिया और वहां से भाग गया। पुलिस ने आरोपित रामखेलावन यादव के विरुद्ध धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी राम खेलावन यादव पिता स्व. समयलाल यादव उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम डुमरिया, थाना भटगांव को पकड़ा। पूछताछ पर आरोपित ने जुर्म स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त कर उसे गिरफ्तार किया है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो व डीएसपी रितेश चौधरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भटगांव राजेन्द्र साहू, एसआई अश्वनी पाण्डेय, एएसआई बजरंगी लाल चौहान शामिल रहे।